नक्सलियों के मांद सिलगेर पहुंचे डिप्टी सीएम शर्मा
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गृहमंत्री विजय शर्मा एक दिवसीय बस्तर प्रवास में सुकमा जिले के सिलगेर कैंप पहुंचे। नक्सलियों की मांद सिलगेर कैंप में जवानों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों से मुलाकात कर बातचीत की। उपमुख्यमंत्री शर्मा जवानों से रूबरू हुए और उनका जोश देखकर गदगद हो गए। उन्होंने मुठभेड़ में शामिल और नवीन कैंप बनाने में लगे सभी जवानों का उत्साहवर्धन किया। गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि क्षेत्र की जनता को नक्सल समस्या से मुक्ति दिलाने, क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास के लिए हमारे सुरक्षा बलो के जवान संकल्पित हैं। घटना के बाद भी हमारे जवानों के हौसले नही टूटे हैं। वे दुगुने जोश से सुरक्षा और शांति स्थापित करने में लग गए हैं।
उन्होंने कहा कि जवानों के हौसले बुलंद है। हम नई योजना के साथ इस क्षेत्र में विकास के कैंप स्थापित करने जा रहे हैं। इस कैंप के माध्यम से हम क्षेत्र के सभी ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाएंगे। हम सभी को प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, आयुष्मान कार्ड, आंगनबाड़ी, स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र, पेयजल, सड़क, अधोसंरचना, मोबाइल टावर, हर बसाहट में टीवी सेट और डीटीएच दिया जाएगा। यहां स्थापित होने वाला कैंप विकास का कैंप साबित होगा। शासकीय योजनाओं का लाभ क्षेत्र की जनता को मिलेगा।
गृहमंत्री शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सभी क्षेत्रों का विकास चाहती है, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों का भी विकास चाहती है। उन्होंने कहा कि बस्तर के विकास के कैंप किसी के रोके नहीं रुकेंगे। बस्तर में विकास को बाधित करने वाले सभी ताकतों को नेस्तनाबूद कर दिया जाएगा।
डिप्टी सीएम शर्मा के सिलगेर पहुंचने पर ग्रामीणों और बच्चों ने स्वागत किया। बच्चों ने सुंदर स्वागत गीत भी गाये। स्कूली बच्चों से बारी-बारी से परिचय दिए और बच्चों से बातचीत करते हुए कहा आप सभी हमारे देश के और बस्तर के भविष्य हैं। आप सभी पढ़ लिखकर उच्चे पदों पर पहुंचे। उन्होंने कि बस्तर के बच्चे भी डॉक्टर और कलेक्टर बनना चाहते हैं। हम चाहते है कि बच्चे पढ़ लिख कर ऊंचे पदों पर पहुंचे, जिससे बस्तर में नक्सलवाद खत्म होगा।