प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा, वीरगति को प्राप्त जवान
- फोटो : Amar ujala digital
IED Blast in Kanker: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में आईईडी डिफ्यूज के दौरान डीआरजी के तीन जवान मौके पर ही बलिदान हो गये। वहीं एक जवान रायपुर में इलाज के दौरान वीरगति को प्राप्त हो गये। इस मामले में प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सूचना के आधार पर की टीम डंप रिकवरी के लिए गई थी। डंप रिकवरी भी हुआ है, उसमें एक्सप्लोसिव था। इस जैसे हैंडल करना चाहिए था, जवानों ने हैंडल भी किया था पर दुर्भाग्य से चार जवान वीरगति को प्राप्त हो गये।
उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ी दुर्घटना है। इसमें एक निरीक्षक समेत तीन आरक्षक वीरगति को प्राप्त हो गये। मामला नारायणपुर छोटेबेठिया थाना क्षेत्र का है। इस घटना को लेकर मन बहुत दुखी है। वीरगति को प्राप्त जवानों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। पूरी सरकार और समाज वीरगति को प्राप्त जवानों के परिवार के साथ है।
बता दें कि शनिवार को आईईडी निष्क्रिय करने के दौरान जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें डीआरजी के तीन जवान मौके पर ही बलिदान हो गये। वहीं एक जवान को हेलीकॉप्टर से रायपुर से लाया गया, जहां इलाज के दौरान वह भी बलिदान हो गये। इस प्रकार कुल चार जवान वीरगति को प्राप्त हो गये।
डीआरजी टीम प्रदेश के कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में नक्सलियों के छिपाए गए डंप की तलाश में निकली थी। इस दौरान आईईडी को हटाने की कोशिश में अचानक ब्लास्ट हो गया, जिससे चार जवान वीरगति को प्राप्त हो गए। बस्तर आईजी सुंदरराज पट्टिलिंगम ने घटना की पुष्टि की है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया है। पूरे इलाके को घेर लिया है ताकि अन्य संभावित को खोजकर निष्क्रिय किया जा सके। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नक्सलियों की संभावित गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है।
ये जवान हुए बलिदान
- इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी
- कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा
- कॉन्स्टेबल संजय गढपाले
- कॉन्स्टेबल परमानंद कोमरा
जानें कैसे हुआ हादसा
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में आत्मसमर्पित माओवादी कैडरों की ओर से दी गई जानकारी और अन्य इनपुट के आधार पर माओवादियों के पूर्व में छिपाकर रखे गए सैकड़ों आईईडी बस्तर रेंज में पुलिस एवं सुरक्षा बलों की तरफ से बरामद कर निष्क्रिय किए गए थे, लेकिन आज की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जब कांकेर जिला पुलिस दल आईईडी को निष्क्रिय कर रहा था, तभी वह आकस्मिक रूप से विस्फोट हो गया, जिसके कारण मौके पर ही तीन पुलिस बल के सदस्य वीरगति को प्राप्त हो गये। वहीं एक जवान का रायपुर में इलाज के दौरान बलिदान हो गये।