छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने विधानसभा में किसानों के हित में बड़ी घोषणा करते हुए प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने आज छत्तीसगढ़ विधानसभा में विनियोग विधेयक पर चर्चा का जवाब देते हुए यह घोषणा की। विधानसभा में चर्चा के बाद विनियोग विधेयक 2023 पारित कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हमारे किसान भाई हैं। सम्पूर्ण विश्व आज खाद्य संकट की अग्रसर हो रहा है। इसका मुख्य कारण है कृषि का अलाभप्रद होना। हमारी सरकार बनते ही हमने किसानों की ऋण माफी की, राजीव गांधी किसान न्याय योजना से किसानों को सशक्त बना रहे हैं। उन्हें इनपुट सब्सिडी का लाभ भी दे रहे हैं। समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ धान की खरीदी 15 क्विंटल से बढ़ाकर 20 क्विंटल करने जा रहे हैं। मैं भेंट-मुलाकात में जहां भी गया किसानों की एक ही मांग थी, समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान की खरीदी की जाए।
'आज का दिन बहुत ही महत्वपूर्ण है'
मुख्यमंत्री ने विनियोग विधेयक पर चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि आज का दिन बहुत ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरू, भगवान झूलेलाल का पावन स्मरण और नमन करते हुए कहा कि आज आजादी के दीवाने भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरू का शहीदी दिवस है। भारत को आजाद कराने के लिए इन तीनों अमर शहीदों ने हंसते-हंसते मृत्युदण्ड स्वीकार किया था और भारत माता की जय-जयकार करते हुए फांसी के फन्दे पर झूल गए थे। उन्होंने कहा कि आज चैत्र नवरात्रि का दूसरा दिन है। प्रथमम् शैल पुत्री, द्वितीयम् ब्रह्मचारिणी, अर्थात आज देवी ब्रह्मचारिणी जी का दिन है। छत्तीसगढ़ की चारों दिशाओं में माता रानी के शक्तिपीठ है। गांव-गांव में देवी पूजा की परम्परा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान झूलेलाल की जयंती है। चैट्रीचण्ड्र दिवस है इस अवसर पर हमारी सरकार ने नगर पालिका तथा नगर निगम क्षेत्र में सामान्य अवकाश की घोषणा की है। यह अवकाश प्रदेश में पहली बार दिया गया है। इसके अलावा कल 24 मार्च से पवित्र रमजान महीने की शुरूआत भी हो रही है। ऐसे समय में हम विनियोग विधेयक-2023 भी पारित करने जा रहे हैं, जो छत्तीसगढ़ की बेहतरी के लिए, नवा छत्तीसगढ़ गढ़ने के प्रयासों के लिए, नींव का पत्थर बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वन अधिकार मान्यता पत्र वितरित करने में छत्तीसगढ़ पूरे देश में प्रथम स्थान पर है। तेन्दूपत्ता संग्राहकों के लिए राज्य सरकार ने शहीर महेन्द्र कर्मा तेन्दूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना प्रारंभ की, जिससे 6 हजार हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने प्रधानमंत्री आवास योजना में 3238 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है।
चेट्रीचण्ड्र कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम भूपेश बघेल
इसके बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार की रात्रि राजधानी के जयस्तंभ चौक में सिंधी समाज की ओर से आयोजित चेट्रीचण्ड्र कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने इस मौके पर सिंधी समाज द्वारा भगवान झूलेलाल की निकाली गई शोभा यात्रा को पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली के लिए कामना की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सिंधी पंचायत को सामाजिक कार्य के लिए नवा रायपुर अटल नगर में जमीन प्रदाय करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सम्बोधित करते हुए कहा कि संत झूलेलाल को वरूण देव का अवतार कहा जाता है। वरूण देव जल के देवता हैं, जल के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। इस तरह भगवान झूलेलाल सम्पूर्ण जीवन के आधार हैं। उन्होंने बताया कि सिंधी समाज व्यापारियों और व्यवसायियों का समाज है। निश्चित रूप से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज को भी मिला है। प्रदेश के व्यापार-व्यवसाय में प्रगति हुई है और समाज के जीवन में भी रौनक आई है। इसके फलस्वरूप आज चेट्रीचण्ड्र महोत्सव में एक अलग ही उत्साह नजर आ रहा है, जो प्रशंसनीय है।
मुख्यमंत्रीने कहा कि हमने प्रदेश के नगर निगम और नगर पालिका क्षेत्रों में चेट्रीचण्ड्र महोत्सव के दिन सामान्य अवकाश की घोषणा की है। इसकी मांग सिंधी समाज द्वारा लंबे अरसे से की जा रही थी। जिसमें उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए यह घोषणा की गई। इस अवसर पर समाज की ओर से भी मुख्यमंत्री को प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका सम्मान किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्षकुलदीप जुनेजा, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर नगर निगम के महापौर एजाज ढेबर, छत्तीसगढ़ सिंधी अकादमी के अध्यक्ष रामगिडलानी, अमर गिदवानी, श्रीचंद सुन्दरानी,आनंद कुकरेजा, अजीत कुकरेजा सहित बड़ी संख्या में सिंधी समाज के लोग उपस्थित थे।