छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो नोटों के बंडल के साथ दिख रहे हैं। इसे लेकर बीजेपी प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी ने भूपेश बघेल सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने बीजेपी कार्यालय एकात्म परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार अब चलाचली बेला में है। ऐसे में कांग्रेस के नेता अर्श से लेकर फर्श तक पैसा समेटने में लगे हैं। आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को कांग्रेस सरकार ने भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया है। छत्तीसगढ़ को भूपेश सरकार ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के लिए एटीएम बना दिया है। वहीं दूसरी ओर यहां के मंत्री विधायक लाखों, करोड़ों रुपए के घोटाले कर रहे हैं। मामले में उन्होंने सीएम भूपेश बघेल से सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
उन्होंने सीएम भूपेश बघेल से सवाल करते हुए पूछा कि विधायक के वीडियो वायरल मामले में सीएम भूपेश बघेल में जांच करने की साहस है या नहींय़ यदि इस वीडियो के सच्चाई पर उन्हें कोई संदेह है तो उसकी जांच के लिए सीबीआई को सौंप दें। वो विधायक के खिलाफ कार्रवाई करेंगे या नहीं? इस वायरल वीडियो को लेकर मेरे खिलाफ भी वो दोबारा कार्रवाई या भाजपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर सकते हैं।
उन्होंने भूपेश सरकार पर मफियाराज चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कोयला, पीएससी, चावल, धान, आउटसोर्सिग, तेंदूपत्ता, गोठान, शराब, ऑनलाइन सट्टा मफिया को खुला संरक्षण है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में करीब 20 लाख युवाओं के खाते खुलवाकर महादेव एप जिसका संचालन दुबई से हो रहा है। करोड़ों रुपये का खेल भूपेश सरकार के राज में चल रहा है। कोयला घोटाले में रायगढ़ के एक कांग्रेस विधायक के सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से पूछा है कि क्या उनमें इस वीडियो को स्वीकार करने की हिम्मत है। क्या उस विधायक के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
चौधरी ने कहा कि रायगढ़ के कोड़ातराई में हाल ही में हुई भाजपा की विजय शंखनाद रैली को लेकर कांग्रेसी लगातार दुष्प्रचार करते रहे कि मोदी नहीं आएंगे। मोदी जी वर्चुअल सभा में शामिल होंगे, लेकिन इसके उलट रायगढ़ की जनता ने कांग्रेसियों के मुंह पर जमकर तमाचा जड़ा। भारी बारिश के बावजूद करीब 1 लाख से ज्यादा लोग मोदी जी को सुनने पहुंचे और भाजपा की विशाल विजय शंखनाद रैली में शामिल हुए। छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में जी-20 यूथ सम्मेलन को लेकर रायगढ़ की सभा में मोदी जी के बयान को लेकर कांग्रेस के अनर्गल आरोप को लेकर उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम नवा रायपुर के आईएम में आयोजित हुआ था जिसमें करीब 15 देशों के यूथ शामिल हुए थे। यह आयोजन भारत सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय के द्वारा आयोजित हुआ था। इसमें केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर भी मौजूद थे। कांग्रेसियों का मोदी जी पर दिया गया बयान उनके मानसिक दीवालियेपन को दर्शाता है। प्रेसवार्ता में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष जयंती पटेल, सोशल मीडिया सहसंयोजक मीतुल कोठारी भी उपस्थित थे।
इससे पूर्व ओपी चौधरी ने ट्वीट कर लिखा कि 'कांग्रेस विधायक के सामने रखे नोटों की गड्डी वाले इस वीडियो को स्वीकार करेगी या वीडियो पर कोई संदेह है तो जांच के लिये CBI को सौंपने का साहस दिखायेगी? या फिर कोयला वाले वीडियो की तरह मेरे ऊपर FIR दर्ज करायेगी? ये हैं कांग्रेस के छत्तीसगढ़ में चंद्रपुर के विधायक रामकुमार यादव। अपने आप को गरीब और बेचारा के रूप में प्रस्तुत करते हैं। विधायक बनने से पहले वे गरीब थे भी। प्रधान मंत्री आवास योजना के मकान में रहते भी हैं। बाप दादा और खुद बैल चराते भी थे, जैसा कि वे खुद भी दावा करते हैं, लेकिन सोशल मीडिया में वायरल हो रहे इस वीडियो में देखिये सामने रखे नोटों की गड्डी….कांग्रेस जवाब देने लायक नहीं रह गयी है…पूरे कांग्रेस के सभी लोगों ने छत्तीसगढ़ को पूरे 5 साल जमकर लूटा है। कांग्रेसी भ्रष्टाचार की संस्कृति और माफियाराज…. फ्लाईएश, रेत, कोयला, शराब सबमें है माफियाराज …