छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए फर्जी रसीद जारी कर चंदा इकट्ठा करने वाली महिला के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। बिलासपुर निवासी सानिप रात्रे की शिकायत के आधार पर पुलिस ने बृहस्पतिवार रात आरोपी उषा अफ्ले के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
पुलिस ने बताया, श्रीराम मंदिर निधि समर्पण समिति बिलासपुर के अध्यक्ष डॉ. ललित मखीजा को सोशल मीडिया के जरिये पता चला कि आरोपी राम मंदिर के नाम पर चंदा इकट्ठा कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला कथित तौर पर फर्जी रसीद जारी कर अपने बैंक खाते में पैसा मंगा रही थी। कई लोग उसके झांसे में फंस गए और खाते में पैसा जमा करा दिया। हालांकि रकम का फिलहाल खुलासा नहीं किया गया है। फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है और जांच जारी है। महिला के बैंक खाते की जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।