लोहारा जनपद में पदस्थ करारोपण अधिकारी सूर्यप्रकाश द्विवेदी के खिलाफ नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 420 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कही है। मामला गुण्डरदेही जनपद से जुड़ा है, जहां अधिकारी ने दर्जनभर लोगों से यह कहकर ठगी की कि प्रदेश में 70 नए जनपद पंचायत खुल रहे हैं और विभिन्न पदों पर भर्तियां होंगी।
पुलिस के अनुविभागीय अधिकारी देवांश राठौर और थाना प्रभारी मनीष शेंडे ने बताया कि आठ लोगों की शिकायत और जांच के आधार पर अपराध दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी ने कर्मचारी रहते हुए सरपंचों और उनके रिश्तेदारों को नौकरी का झांसा देकर ठगा। वर्तमान में वह लोहारा जनपद में कार्यरत है। गुण्डरदेही में पदस्थ रहते हुए सूर्यप्रकाश द्विवेदी ने कई लोगों से नौकरी के नाम पर लाखों रुपये ऐंठे।
पीड़ितों को बताया गया कि प्रदेश में 70 नए जनपद पंचायत खुल रहे हैं, जहां कंप्यूटर ऑपरेटर सहित अन्य पदों पर भर्तियां होंगी। ज्यादातर सौदे 3 लाख रुपये में तय हुए, जिसमें कुछ ने पूरी राशि दी, तो कुछ से अग्रिम लिया गया। पीड़ित गणेश राम साहू ने बताया कि वे ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं, क्योंकि कोई नया जनपद खुला ही नहीं।
गणेश राम साहू (कुथरेल): नौ अक्तूबर 2021 को जनपद कार्यालय में पैसे दिए। उन्हें और उनकी दो बेटियों व एक बेटे को कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी का झांसा दिया गया। जब कोई नौकरी नहीं मिली तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज की।
धर्मेंद्र साहू (जरवाय): अपने दो बेटों और रिश्तेदारों के लिए पैसे दिए। उनका भाई सरपंच होने के कारण आरोपी से मुलाकात हुई और वे झांसे में आ गए।
ज्ञानेश्वर साहू (जरवाय): ढाई लाख रुपये में सौदा तय हुआ, जिसमें 50 हजार रुपये अग्रिम दिए।
इसी तरह जगदीश ढीमर, पुरुषोत्तम गंजीर, प्रहलाद वर्मा, बहादुर वर्मा सहित दर्जनभर लोग ठगी का शिकार हुए। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।