उरगा थाना अंतर्गत घाटाद्वारी गांव के पास नहर किनारे झाड़ियों में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के कुछ ही घण्टे बाद मृतक की पहचान हो गई। घटना की सूचना पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच कार्यवाही करते शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया।
मृतक उरगा थाना अंतर्गत ग्राम खरहरकुड़ा निवासी पंचराम यादव (40 वर्ष) पिता समारू यादव के रूप में शिनाख्त हुई। पंचराम पेशे से ड्राइवर है और रायगढ़ जिले में किसी निजी कंपनी में काम करता था। बीच-बीच में वो अपने गांव आता था। कुछ दिनों पहले ही वो रायगढ़ से आया हुआ था। घर से किसी काम की कहकर निकला था।
गुरुवार को परिजनों को सूचना मिली कि घाटाद्वारी गांव के पास नहर किनारे झाड़ियों में उसकी लाश मिली है। मौके पर पहुंच उन्होंने भाई की हत्या की आशंका जताई है। उसने पुलिस से जांच की मांग की है।
उरगा थाना प्रभारी सनत सोनवानी ने बताया कि राहगीरों द्वारा पुलिस को सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुच जांच कार्यवाही शुरू की। पूछताछ में बातें सामने आईं कि मृतक शराब का भी आदी था। हो सकता है पंचराम नहर किनारे गिर जाने से उसकी मौत हुई होगी। फिलहाल पुलिस ने सारे पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा होगा।