फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छत्तीसगढ़ कैबिनेट का फैसला: पूर्व अग्निवीरों की सीधी भर्ती को मंजूरी, आदिम जाति विकास विभाग का नाम बदला गया

Sun, 11 Oct 2026 12:55 PM IST
अमन कोशले अमर उजाला नेटवर्क, रायपुर

सार

सीएम साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। राज्य सरकार ने सशस्त्र बलों में सेवा दे चुके पूर्व अग्निवीरों के अनुभव और कौशल का उपयोग करने के उद्देश्य से गृह विभाग में आरक्षक के 36 पदों पर सीधी भर्ती को मंजूरी प्रदान की।
विज्ञापन
साय केबिनेट की बैठक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। राज्य सरकार ने सशस्त्र बलों में सेवा दे चुके पूर्व अग्निवीरों के अनुभव और कौशल का उपयोग करने के उद्देश्य से गृह विभाग में आरक्षक के 36 पदों पर सीधी भर्ती को मंजूरी प्रदान की।
विज्ञापन


इसके साथ ही सरकार ने छत्तीसगढ़ शासन कार्य आवंटन नियम में आवश्यक संशोधन के प्रस्ताव को स्वीकृत किया। इस निर्णय के तहत आदिम जाति विकास विभाग का नाम परिवर्तित करके जनजातीय कार्य विभाग किया जाएगा। मंत्रिपरिषद ने सरकार के मुखिया के रूप में लगातार 25 वर्ष पूर्ण करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन प्रस्ताव भी पारित किया।

पूर्व अग्निवीरों को भर्ती का मौका
सशस्त्र सेनाओं में अपनी सेवाएं पूरी कर चुके युवाओं की दक्षता का लाभ उठाने के लिए राज्य सरकार ने यह बड़ा कदम उठाया है। सरकार पूर्व में ही इन आरक्षक पदों पर पूर्व अग्निवीरों के लिए श्रेणीवार 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान कर चुकी है। कैबिनेट की इस ताजा मंजूरी के बाद अब गृह विभाग में उपलब्ध रिक्तियों के विरुद्ध पूर्व अग्निवीरों की सीधी भर्ती का मार्ग प्रशस्त हो गया है। प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के उपरांत संबंधित विभाग शीघ्र ही भर्ती प्रक्रिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगा।
विज्ञापन


विभाग का बदला गया नाम
मंत्रिपरिषद की बैठक में छत्तीसगढ़ शासन कार्य (आवंटन) नियमों में संशोधन संबंधी प्रस्ताव पर सहमति बनी। इस बदलाव के अंतर्गत राज्य के आदिम जाति विकास विभाग का नाम बदलकर जनजातीय कार्य विभाग होगा। सरकार कार्य आवंटन नियमों में विधिवत संशोधन करके इस नाम परिवर्तन को लागू करेगी। विभागीय बदलाव का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदाय के विकास से जुड़ी प्राथमिकताओं और योजनाओं को अधिक स्पष्ट तथा पारदर्शी रूप में संचालित करना है।

प्रधानमंत्री का किया अभिनंदन
बैठक के दौरान मंत्रिपरिषद ने लगातार 25 वर्षों तक सरकार के प्रमुख के रूप में सफल कार्यकाल पूरा करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री की इस यात्रा को सुशासन, राष्ट्रसेवा, गरीब कल्याण और अंत्योदय के सिद्धांतों से जुड़ा महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से राज्य में सड़क, रेल, बिजली, आवास, स्वास्थ्य और राशन व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास को नई गति प्राप्त हुई है।

निवेश और रोजगार के आंकड़े
कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बुनियादी ढांचे, कृषि, आवास और स्वास्थ्य क्षेत्र की प्रगति के आंकड़े प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ को अब तक 8.50 लाख करोड़ रुपये के भारी-भरकम निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन निवेश प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से प्रदेश में 1.60 लाख से अधिक नए रोजगार सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, महतारी वंदन योजना और किसान सम्मान निधि जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए राज्य के चौमुखी विकास में केंद्र का आभार जताया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें