सरकंडा थाना क्षेत्र में 13 साल के एक बच्चे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि पिता ने बच्चे को मोबाइल देने से मना किया। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोकनगर के रहने वाले देवानंद जायसवाल का 13 साल का बेटा सौम जायसवाल आत्मानंद स्कूल में कक्षा सातवीं की पढ़ाई कर रहा था। मंगलवार को सौम को बुखार हो गया था। रात में उसने अपने पिता से खेलने के लिए मोबाइल मांगा। इस दौरान रात होने की बात कहते हुए उसके पिता सुबह मोबाइल देने के बात कहकर सो गये।
इसी बीच रात करीबन 2:30 बजे सौम की मां बाथरूम गईं तो सौम फांसी पर लटका हुआ दिखा। जिस पर उसकी मां ने शोर मचाया, तब परिवार के लोग उठकर आनन-फानन मे फंदा खोलकर सौम को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया है। फिलहाल सरकंडा पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।