पेंड्रा पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कर्मा जयंती में की शिरकत
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव अपने एक दिवसीय दौरे पर पेंड्रा पहुंचे, जहां पर वे पेंड्रा के सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल परिसर में आयोजित माँ कर्मा जयंती में शामिल हुए। साव ने कहा साहू समाज इसे स्नेह सम्मेलन की तरह हर साल मनाता है। साथ ही उन्होंने रेस्ट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश और जिले को लेकर चर्चा की जिसमे उन्होंने भ्रष्टाचार को लेकर कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल है।
अरुण साव ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान बृहस्पति सिंह के थप्पड़ वाले सवाल पर छत्तीसगढ़ में कानून की स्थिति को लेकर कहा कि संविधान की शपथ लेने वाला व्यक्ति सार्वजनिक रूप से किसी कर्मचारी के साथ ऐसा करता है यह दुर्भाग्य की बात है। साव ने राहुल गांधी को लेकर कहा कि उन्होंने पिछड़ा समाज को लेकर जो टिप्पणी की थी उस पर कोर्ट ने फैसला सुनाया है। कोर्ट के बार बार कहने पर भी राहुल गांधी ने माफी नही मांगी वो अहंकार में रहे अंततः मामले में कोर्ट ने फैसला सुनाया। वहीं साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेताओं के आपसी विवाद से जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है। सत्ता संघर्ष से जनता को नुकसान हो रहा है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की नारायण चंदेल को लिखी चिट्ठी पर अरुण साव ने कहां की छत्तीसगढ़ बनाने से लेकर छत्तीसगढ़ की बेहतरी के लिए भारतीय जनता पार्टी और केंद्र की सरकार लगातार काम कर रही है मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को चाहिए कि प्रधानमंत्री आवास से लेकर विभिन्न केंद्रीय योजनाओं का फायदा जनता तक पहुंचाएं।