पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छत्तीसगढ़ भाजपा ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी प्रवक्ता और प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने कहा कि, भूपेश बघेल के राज में स्वास्थ्य व्यवस्था वेंटिलेटर पर है। मरीज उपचार के अभाव में बेमौत मर रहे हैं। आयुष्मान योजना का केवल राजनीतिक कारणों से विरोध करने वाले मुख्यमंत्री ने जनता को 20 लाख का मुफ्त इलाज देने का वादा किया था, जबकि हकीकत यह है कि मरीज मौत के मुंह में समा रहे हैं।
प्रदेश भाजपा डॉ. बांधी ने कहा कि, डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य योजना का सर्वर एक पखवाड़े से ठप है। इलाज के अभाव में एक महिला की मौत हो गई। खुद डॉक्टर कबूल कर रहे हैं कि सर्वर ठप होने की वजह से महिला की एंजियोप्लास्टी की मंजूरी मिलने में देर हुई। सरकार और उसका स्वास्थ्य विभाग जनता की जिंदगी से यह कैसा खिलवाड़ कर रहे हैं? कहा कि, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव खुद आरोप लगाते हैं कि बार-बार मांगने पर भी स्वास्थ्य सेवा में सुधार के लिए राशि नहीं मिलती।
उन्होंने कहा कि, कोरोना के नाम पर शराब से वसूली गई सारी रकम में से एक पैसा भी स्वास्थ्य विभाग को नहीं दिया गया। स्वास्थ्य योजना का सर्वर ठप पड़ा है, स्वास्थ्य मंत्री सो रहे हैं और मुख्यमंत्री हिमाचल घूम रहे हैं। अब गुजरात घूमेंगे। उन्हें जहां घूमना हो घूमें, लेकिन छत्तीसगढ़ की जनता को बख्शें। केंद्र सरकार जनता की जान बचाने पैसा दे रही है, उसमें तो लापरवाही बरतकर राजनीति न करें। कांग्रेस सरकार हर मामले में अपनी गलतियों का ठीकरा केंद्र सरकार के सिर पर फोड़ती है।