कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपने भाषण और बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में बने रहते हैं। कई बार उनके बयानों को लेकर विपक्षी नेता उनका मजाक भी उड़ाते रहे हैं। चाहे वह उत्तर प्रदेश में आलू की फैक्ट्री लगाने वाला बयान हो या गुजरात में महिलाओं के दूध देने वाला बयान हो, हर बार राहुल गांधी की किरकिरी हुई है। उनके इन्ही बयानों को लेकर भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय ने उन्हें मंदबुद्धि करार दिया है।
दरअसल मोदी सरकार के चार साल पूरे होने पर छत्तीसगढ़ के दुर्ग में गुरुवार को भाजपा की ओर से बुद्धिजीवी सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इस सम्मेलन में सरोज पांडेय समेत भाजपा के कई नेताओं ने शिरकत की थी। इस सम्मेलन के दौरान सरोज पांडेय ने राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह (राहुल गांधी) जो भी बोलते हैं, काफी चौंकाने वाला होता है। निश्चित तौर पर वह सीखने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी यह उम्र सीखने की नहीं है। जब 40 साल की उम्र पार चुका कोई व्यक्ति कुछ भी सीखने की कोशिश करता है तो उसे सीखना नहीं बल्कि ऐसे व्यक्ति को 'मंद बुद्धि' कहा जाता है।
इसके अलावा उन्होंने सम्मेलन में मोदी सरकार की तमाम योजनाओं के बारे में भी बताया और कहा कि सरकार बेहतरीन काम रही है। इस काम का ही नतीजा है कि आज विदेशों में भी देश का सम्मान बढ़ा है।
इस दौरान उन्होंने कश्मीर मुद्दे को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि हम कश्मीर में पीडीपी से गठबंधन तोड़ना नहीं चाहते थे, लेकिन हालात ऐसे बन गए कि हमें अलग होना पड़ा। हमने पिछले तीन सालों में कश्मीर के हालात बदलने की जी तोड़ कोशिश की है, लेकिन अफसोस कि हम इसमें सफल नहीं हो पाए। हमारे लिए राष्ट्र सर्वप्रथम है और अखंड भारत की स्थापना के लिए भाजपा हमेशा काम करती रहेगी।