छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रेलवे सुरक्षा बल ने आरक्षित टिकटों की कालाबाजारी के आरोप में एक वरिष्ठ बुकिंग क्लर्क और कुली को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 1,03,600 रुपये मूल्य के 15 आरक्षित टिकटों से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। बुकिंग क्लर्क बाराद्वार स्टेशन पर तैनात था, जबकि कुली बिलासपुर स्टेशन पर काम करता था।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
रेलवे सुरक्षा बल की अपराध गुप्तचर शाखा ने टिकटों की कालाबाजारी में वरिष्ठ बुकिंग क्लर्क और कुली को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 1,03,600 रुपये मूल्य के 15 आरक्षित रेलवे टिकट मिले हैं। पकड़ा गया रेल कर्मचारी बाराद्वार रेलवे स्टेशन के टिकट आरक्षण केंद्र में तैनात था। वह पद का दुरुपयोग कर अवैध तरीके से टिकट तैयार करके बिचौलियों के माध्यम से बेचता था। मामले में बिलासपुर स्टेशन पर कार्यरत कुली की संलिप्तता भी पाई गई है।
विज्ञापन
आरक्षण केंद्र में मिलीभगत का पर्दाफाश
रेलवे सुरक्षा बल की मुख्यालय अपराध गुप्तचर शाखा की टीम को बाराद्वार रेलवे स्टेशन पर आरक्षित टिकटों के अवैध कारोबार की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने आरक्षण केंद्र में अचानक दबिश दी। उस समय केंद्र में वरिष्ठ बुकिंग क्लर्क उत्कर्ष पासी ड्यूटी पर मौजूद था। आरपीएफ की टीम ने जब कार्यालय की तलाशी ली और उससे पूछताछ की तो उसके पास से बिना किसी औपचारिक मांग पत्र के जारी किया गया 2,510 रुपये का एक वातानुकूलित श्रेणी का आरक्षित टिकट बरामद हुआ। गहन पूछताछ में क्लर्क ने स्वीकार किया कि उसने यह टिकट दीपक पाल नामक व्यक्ति के कहने पर अपने निजी आर्थिक लाभ के लिए बनाया था।
मोबाइल संदेश से मिले अहम साक्ष्य
जांच अधिकारी ने जब आरोपी बुकिंग क्लर्क के मोबाइल फोन की पड़ताल की तो उसमें व्हाट्सएप के जरिये भेजे गए 14 अन्य आरक्षित टिकटों के साक्ष्य बरामद हुए। मोबाइल में मिले इन टिकटों का कुल मूल्य 1,01,900 रुपये दर्ज पाया गया। यात्री का विवरण व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से क्लर्क तक पहुंचाया जाता था। इसके आधार पर वह टिकट जारी कर देता था। इस अवैध कारोबार में बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर कुली संख्या 206 के रूप में कार्यरत धनीराम यादव की भूमिका भी उजागर हुई। वह यात्रियों और बिचौलियों से संपर्क साधकर बुकिंग क्लर्क तक मांग पहुंचाने और लेनदेन का काम संभालता था।
विज्ञापन
रेलवे अधिनियम के तहत अपराध दर्ज
आरपीएफ ने साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार बुकिंग क्लर्क उत्कर्ष पासी बिलासपुर के थाना सिरगिट्टी क्षेत्र अंतर्गत अन्नपूर्णा कॉलोनी का निवासी है। वहीं सह-आरोपी कुली धनीराम यादव परसदा स्थित आवासपारा में रहता है। प्रथम दृष्टया टिकटों की अवैध बिक्री में सीधी संलिप्तता प्रमाणित होने पर आरपीएफ ने दोनों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 143 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। जांच टीम अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।