आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत के बाद मौके पर लगी भीड़।
- फोटो : संवाद
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसकी मां गंभीर रूप से झुलस गई। युवक अपनी पत्नी और मां के साथ खेत में बुवाई करने के लिए गया था। इसी दौरान हादसा हो गया। मामला तखतपुर थाना अंतर्गत ग्राम नगोई ग्राम का है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नगोई निवासी सुखदेव साहू (35) पुत्र जागेश्वर साहू अपनी पत्नी अन्नपूर्णा साहू (33) और मां कुंवारा बाई (55) के साथ रविवार दोपहर करीब तीन बजे खाना खाने के बाद टीहुलाडीह बहरा नार मे अपने खेत में राहड़ (राहेर) बोने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश होने लगी। आसमान से जोरदार बिजली कड़की और खेत में आ गिरी।
सुखदेव साहू के ऊपर बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कुछ दूर पर काम कर रही उसकी मां कुंवारा बाई और पत्नी अन्नपूर्णा साहू झुलस गए। दोनों को तखतपुर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करने के लिए लाया गया। वहां पर कुंवारा बाई की हालत गंभीर है। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।