बिलासपुर शहर में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारियां अब अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। पुलिस परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल पूरी कर ली गई है। रिहर्सल के दौरान ध्वजारोहण, परेड, सलामी, हर्ष फायर और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अंतिम अभ्यास भी किया गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरी व्यवस्था का जायजा लिया।
फाइनल रिहर्सल में पुलिस, एनसीसी और स्कूली छात्र-छात्राओं की टुकड़ियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाते हुए ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस दौरान परेड की हर गतिविधि का बारीकी से अभ्यास किया गया।
कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसपी रजनेश सिंह ने मौके पर पहुंचकर समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंच सजावट, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों को देखा। साथ ही जो भी छोटी-मोटी कमियां नजर आईं, उन्हें समय रहते दूर करने के निर्देश दिए गए कल 15 अगस्त को बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में सुबह 9 बजे स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित होगा। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद शानदार परेड, सलामी और हर्ष फायर का आयोजन होगा। स्कूली बच्चों की ओर से देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।
वहीं आज 14 अगस्त को बिलासपुर के पंडित देवकीनंदन दीक्षित सभागार में आज विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में भारत विभाजन के दौरान लाखों लोगों की पीड़ा, विस्थापन और संघर्ष को याद किया गया। इस दौरान विभाजन की त्रासदी पर आधारित प्रदर्शनी के जरिए उस दौर की भयावह परिस्थितियों को सामने रखा गया। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि देश की आजादी वीरों के बलिदान और लंबे संघर्ष का परिणाम है। हमें उनके त्याग को हमेशा याद रखना चाहिए और राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि विभाजन का दर्द आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि देश की एकता और अखंडता और मजबूत हो। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने टीबी और नशे के खिलाफ जागरूकता नाटक प्रस्तुत कर स्वस्थ समाज का संदेश दिया।
15अगस्त की तैयारी पूरी
15अगस्त की तैयारी पूरी