सार
बिलासपुर के बांधा गांव में जंगल गए 25 वर्षीय धरम दास घृतलहरे पर बाघिन ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। बाघिन शावक के साथ क्षेत्र में मौजूद है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल न जाने की चेतावनी दी है।
बिलासपुर के जुनापारा चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत बांधा में जंगल गए 25 वर्षीय युवक धरम दास घृतलहरे पर बाघिन ने हमला कर दिया। हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना जोगीपुर फॉरेस्ट के कंपार्टमेंट नंबर 98 आरएफ के पास की बताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, धरम दास सोमवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे जंगल में बांस का करिल और मशरूम बीनने गया था। इसी दौरान घात लगाकर बैठी बाघिन ने उस पर हमला कर दिया। बाघिन ने युवक की गर्दन पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले के बाद बाघिन ने शव को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
बताया जा रहा है कि घटनास्थल के आसपास बाघिन अपने शावक के साथ विचरण कर रही है। बाघिन और उसके शावक की मौजूदगी से आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने और सतर्क रहने की हिदायत दी है।
पढे़ं: कोबरा ने युवक को डसा तो डॉक्टर बोले- पहले सांप लेकर आओ, फिर शुरू हुआ इलाज
ग्राम बांधा और आसपास का जंगल क्षेत्र कीमती इमारती लकड़ियों की अवैध कटाई और तस्करी के लिए भी लंबे समय से चर्चा में रहा है। जंगल में लकड़ी तस्करों और ग्रामीणों की लगातार आवाजाही के कारण मानव और वन्यजीवों के आमने-सामने आने का खतरा बना रहता है।
मामले में बिलासपुर डीएफओ नीरज कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। वहीं, तखतपुर थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने फोन पर बताया कि युवक की मौत बाघिन के हमले से हुई है। फिलहाल पंचनामा की कार्रवाई कर मामले की जांच की जा रही है।
सूचना मिलने के बाद जुनापारा पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई में जुट गई। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को जंगल में नहीं जाने और विशेष सावधानी बरतने की चेतावनी दी है।