छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक व्यापारी के मैनेजर साढ़े पांच लाख रुपये से ज्यादा की उठाईगिरी का शिकार हो गया। सड़क किनारे जूस पी रहे मैनेजर को बाइक सवार बदमाशों ने कपड़े में कीड़े होने का झांसा दिया। मैनेजर ने अपना बैग नीचे रखा और कीड़े में उलझ गया। तब तक बाइक सवार बैग लेकर भाग निकले। घटना भाजपा की महतारी हुंकार रैली के दौरान हुई। तब अफसर और पुलिसकर्मी वीआईपी ड्यूटी में व्यस्त थे। ऐसे में बदमाशों का पता ही नहीं चल सका। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है।
जूस पीने के लिए दुकान में रुका था
जानकारी के मुताबिक, व्यापार विहार स्थित राधेश्याम इंटरप्राइजेस में विक्की पैगवार मैनेजर हैं। वह संस्थान के बाहरी लेन-देन और बैंक संबंधित काम देखता है। वह शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सेंट्रल बैंक में रुपये निकालने गया था। बैंक से उसने चार लाख रुपये निकलवाए। इसके बाद वह तितली चौक स्थित स्टेट बैंग या और वहां से एक लाख 68 हजार रुपये निकलवाया। इन रुपयों को एक बैग में रखकर वह सिरगिट्टी की ओर जाने निकला था। रास्ते में जूस की दुकान देख पीने के लिए रुक गया।
तीन युवकों के वारदात में शामिल होने की आशंका
बताया जा रहा है कि रेलवे परिक्षेत्र स्थित बंगाली स्कूल के पास दुकान में उसने जूस का ऑर्डर दिया। फिर इंतजार करने लगा। तभी वहां एक युवक पहुंचा और उसने मैनेजर से कपड़ों में कीड़े होने की बात कही। इस पर मैनेजर ने कंधे पर टांगा बैग उतारकर बाइक की सीट पर रख दिया और कपड़ों में कीड़े देखने लगा। उसी समय बाइक सवार दो युवक आए और बैग लेकर भाग निकले। वहीं जिस युवक ने कपड़ों में कीड़े होने की बात कही, वह भी भाग निकला। ऐसे में आशंका है कि तीनों वारदात में शामिल थे।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
बाइक सवार बदमाशों को बैग लेकर भागते देख मैनेजर ने शोर मचाया। इस पर आसपास के लोगों ने उनका पीछा किया, लेकिन तब तक बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे। इसके बाद मैनेजर थाने पहुंचा और पुलिस को इसकी जानकारी दी। हालांकि शुक्रवार को शहर में भाजपा की रैली होने के चलते और भीड़ के कारण पुलिस नहीं मिल सकी। जिसके कारण बदमाशों की तलाश भी नहीं हो पाई। थाना प्रभारी फैजुल शाह ने बताया कि पुलिस टीम को भेजा गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक कर रहे हैं।