बीजापुर जिले के थाना पामेड़ क्षेत्र के कावरगट्टा गुंडराजगुडे़म जंगल पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में पामेड़ एरिया कमेटी के दो माओवादी कैडर मारे गए। सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ स्थल से दोनों माओवादियों के शव बरामद किए हैं। यह घटना जिले में माओवादियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों की सफलता को दर्शाती है।
ये भी पढ़ें: अंत के करीब 'लाल आतंक': बीजापुर मुठभेड़ में छह नक्सली मारे गए, 8 लाख का इनामी डीवीसीएम दिलीप बेड़जा भी ढेर
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए दोनों माओवादी कैडर पामेड़ एरिया कमेटी क्षेत्र में हुई विभिन्न हिंसक घटनाओं और नागरिकों की हत्याओं में संलिप्त थे। इनमें हाल ही में कावरगट्टा ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच भीमा मड़कम की हत्या की घटना भी शामिल है। पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने कहा कि जिले में माओवादियों के विरुद्ध निरंतर आसूचना-आधारित अभियानों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। सुरक्षा बल जिले में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करने हेतु पूरी दृढ़ता के साथ अभियान जारी रखेंगे। आईजी बस्तर सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि बस्तर रेंज में चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों से माओवादी संगठन कमजोर हो चुका है। उन्होंने शेष बचे कैडरों से हिंसा का मार्ग त्यागकर शासन की पुनर्वास नीति के अंतर्गत आत्मसमर्पण करने की अपील की है। मुठभेड़ के बाद DRG, बस्तर फाइटर्स और CRPF की अतिरिक्त टीमों द्वारा क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान जारी है।