बीजापुर में शिक्षक राजू पुजारी की आत्महत्या मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोश बढ़ गया है। आदिम तेलंगा समाज ने 6 मई को बीजापुर में रैली और प्रदर्शन की घोषणा की है।
पालनार में पदस्थ शिक्षक राजू पुजारी के आत्महत्या मामले में न्याय की मांग तेज हो गई है। आदिम तेलंगा समाज ने इस मामले में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। इसके लिए 6 मई को बीजापुर में रैली और प्रदर्शन करने की घोषणा की गई है।
विज्ञापन
प्रस्तावित आंदोलन को सर्व आदिवासी समाज और महार, महारा, कलार समाज ने भी समर्थन दिया है। इससे यह आंदोलन और व्यापक होता नजर आ रहा है। तेलंगा समाज के जिला अध्यक्ष आदिनारायण पुजारी के अनुसार, 22 अप्रैल को शिक्षक राजू पुजारी ने आत्महत्या की थी। वह चेरपाल निवासी थे और प्राथमिक शाला पालनार में पदस्थ थे। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला था।
इसमें मृतक ने तीन लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था। घटना के करीब डेढ़ हफ्ते बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे परिजनों और समाज के लोगों में भारी आक्रोश है। समाज के प्रतिनिधियों ने जल्द कार्रवाई न होने पर आंदोलन को उग्र करने की चेतावनी दी है।
विज्ञापन
राजू पुजारी तेलंगा समाज में जिला सचिव के पद पर कार्यरत थे। वह सामाजिक न्याय के लिए सक्रिय भूमिका निभाते थे। उनके निधन से समाज में शोक के साथ-साथ आक्रोश भी है। समाज के लोग उनके लिए न्याय चाहते हैं।
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि 6 मई को प्रदर्शन होगा। इस दौरान रैली निकालकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की जाएगी। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच की भी मांग की जाएगी।