बीजापुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से पुलिस ने एक दस हजार रुपये के इनामी सीएनएम कमाण्डर व जनताना सरकार सदस्य सहित तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि नक्सलियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत जिले के मिरतुर थाना व छसबल 15 ई कंपनी चेरली की संयुक्त टीम साप्ताहिक बाजार प्रबंध पिनकोंडा एरिया डॉमिनेशन पर निकली थी।
अभियान से वापसी के दौरान पाटलीगुडा पुलिया के पास दो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस पार्टी को देखकर भागने का प्रयास कर रहे थे। जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया। इनमें जन मिलिशिया सदस्य सुरेश कारम पिता स्व. कोसा कारम उम्र 24 निवासी हुर्रेपाल व जन मिलिशिया सदस्य राजेश माड़वी पिता स्व. मंगू माड़वी उम्र 23 निवासी हुर्रेपाल शामिल है। इनके पास रखे थैला की चेकिंग करने पर 5 किलो का टिफिन बम, कॉर्डेक्स वायर बरामद किया गया है। वही थाना नेलसनार की टीम द्वारा बोदली मरी नदी के किनारे से जनताना सरकार सदस्य व सीएनएम कमाण्डर दशरथ हेमला पिता वेल्ला उर्फ मंगू उम्र 29 निवासी फुलादी कुंजामपारा थाना मिरतुर को पकड़ा गया।
पकड़ा गया नक्सली 17 अप्रैल 2019 को नगर सैनिक राजूराम गोंदे की हत्या में शामिल था। जिसकी गिरफ्तार के लिए पुलिस अधीक्षक बीजापुर ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पकड़े गए नक्सलियों के विरुद्ध मिरतुर व नेलसनार थाना में वैधानिक कार्यवाही कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय बीजापुर के समक्ष पेश किया है।