प्रदेश में इन दिनों कांग्रेस सरकार की महत्वाकांक्षी गोठान योजना में भारी भ्रष्टाचार व अनियमितता को लेकर भाजपा ने प्रदेश भर में मोर्चा खोल रखा है। वहीं अब कांग्रेस ने भी भाजपा पर पलटवार करते हुए जुबानी हमले किये हैं। बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा कि भाजपाइयों को गोठानो के लिए संरक्षित जमीन पर झांकने व आपत्ति करने का अधिकार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि गोठानो में कोई भी राशि का भुगतान नगद नहीं होता हैं। प्रत्येक 15 दिन में हितग्राहियों के बैंक खाते में राशि का अंतरण होता हैं। इसमें पूरी पारदर्शिता हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार ने भी बयान जारी किया हैं। उन्होंने कहा कि विधायक गोठान घोटाले से बचने के लिए तथ्यहीन बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की महत्वाकांक्षी गोठान योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। मुदलियार ने कहा कि छत्तीसगढ़ में गांव गरीब किसानों और गौपालकों को गोठानो के नाम से कांग्रेस छल रही हैं। गरीब और कृषि श्रमिको सहित ग्रामीणों के अतिरिक्त आमदनी का जरिया बनाने का वादा कर आज कांग्रेसी उसी गोधन न्याय योजना के तहत लाखों का घोटाला कर अपना आमदनी बना रहे हैं। गोठानों की हालत देखकर लगता है। उसका नाम गोधन न्याय योजना न होकर कांग्रेसी धन लूटो योजना रखना था। उन्होंने कहा कि गौठानो में न तो शेड का निर्माण किया गया और न ही मवेशियों का रखरखाव , पेयजल की व्यवस्था, वर्मी कम्पोस्ट खाद व चारा न होना साफ दर्शा रहा हैं कि राशि का बंदरबाट करने से कांग्रेसी बाज नहीं आये। जिलाध्यक्ष मुदलियार ने कहा कि साढ़े साल भूपेश सरकार के कुशासन में कांग्रेस नेताओं के द्वारा संचालित फर्जी गोठानों को हर साल करोड़ो का अनुदान लगातार दिया जा रहा हैं। जहां अनुदान गटक कर चार पानी के बिना गाये मार दी जा रही है।
मोदकपाल गौठान, मिंगाचल गौठान, नुकनपाल गौठान, नेलसनार गौठान जैसे अनेकों उदाहरण हैं। मुदलियार ने आरोप लगाया कि भूमाफियाओं से मिलकर कांग्रेसी घास जमीन, मवेशियों के चारागाह की जमीन को मिलीभगत कर हड़प लिया। नरवा, गरवा, बाड़ी का सपना दिखाकर चारागाह भूमि पर कब्जा करने वाले कांग्रेसियों को जनता के हित की बात करने का कोई अधिकार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक मीडिया में बने रहने के लिए झूठ और मनगढ़ंत कहानियां गढ़ने में लगे रहते हैं। प्रदेश की जनता भी अब कांग्रेस के कथनी और करनी को समझ गई है। मुदलियार ने आगे कहा कि कांग्रेस के घोषणाएं और वादे सब झूठे साबित हुए हैं। जनता कांग्रेस के कुशासन को जड़ों से उखाड़ फेंकेगी।