बीजापुर में रविवार सुबह उसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेंज बीजापुर से प्राप्त खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। सीआरपीएफ एफ 229 कंपनी की टीम ने ताड़पाला बेस से उतलापल्ली की ओर एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन के दौरान जंगल क्षेत्र में प्लांट किए गए आईईडी व विस्फोटक सामग्री को बरामद कर सुरक्षित तरीके से नष्ट किया।
जानकारी के अनुसार, एफ/229 कंपनी के सहायक कमांडेंट योगेंद्र सिंह व निरीक्षक जीडी मनोज कुमार के नेतृत्व में जवान करेगुट्टा से उत्तरपल्ली दिशा के जंगलों में सर्चिंग कर रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा जवानों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से लगाए गए बीजीएल आईडी तथा बीयर बोतल आईईडी का पता चला। बम निष्क्रियकरण प्रक्रिया अपनाते हुए सुरक्षाबलों ने इन्हें मौके पर ही सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों के उपयोग की भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, बीजीएलएस, लेथ मशीन तथा दैनिक उपयोग की अन्य वस्तुएं भी एफ/229 कंपनी द्वारा बरामद की गईं। यह सामग्री नक्सलियों के अस्थायी ठिकाने से संबंधित बताई जा रही है।
एफ/229 कंपनी के कमांडेंट बी.के. सिंह, द्वितीय अधिकारी मुख्तियार सिंह तथा द्वितीय कमान अधिकारी (ऑप्स) राजेश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में कंपनी लगातार नक्सल विरोधी अभियानों में सफलता प्राप्त कर रही है। सुरक्षाबलों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में सर्चिंग अभियान जारी है और आसपास के इलाकों में भी संदिग्ध स्थानों की जांच की जा रही है, ताकि नक्सलियों की किसी भी साजिश को समय रहते विफल किया जा सके।