इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़कर 16. 250 मीटर पहुंचा
- फोटो : अमर उजाला
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में लगातार हो रही बारिश का असर अब इंद्रावती नदी पर भी दिखाई देने लगा है। इंद्रावती का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। दोपहर 1 बजे इंद्रावती नदी का जलस्तर 13.500 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर को पार कर चुका है। शाम की स्थिति में 15.600 मीटर हुआ जलस्तर, डेंजर लेवल 14, 500 है। वहीं शाम 7 बजे की स्थित में इंद्रावती का जलस्तर बढ़कर 16. 250 हुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग 63 छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र का रास्ता बंद हो गया है। इसके चलते नदी किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह 11 बजे नदी का जलस्तर 12.350 मीटर दर्ज किया गया था। महज दो घंटे के भीतर जलस्तर में करीब 1.15 मीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी में पानी का बहाव लगातार बढ़ रहा है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो शाम तक कई निचले क्षेत्रों में बाढ़ का पानी पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
प्रशासन ने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के लिए राजस्व, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखा है। संवेदनशील इलाकों की निगरानी की जा रही है और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी की गई है।
जिला प्रशासन ने इंद्रावती नदी के किनारे रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अनावश्यक रूप से नदी के आसपास न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। जिन क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा अधिक है, वहां के लोगों को आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।