बीजापुर जिले में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने लोगों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं से प्रशासन के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय सतर्कता, समन्वय और समय पर मदद ही सबसे बड़ी जनसेवा है।
उन्होंने कहा कि भारी बारिश के चलते कई गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित हो सकता है। यदि किसी क्षेत्र में लोगों को भोजन, दवा या अन्य आवश्यक सहायता की जरूरत पड़े तो स्थानीय प्रशासन से तत्काल संपर्क कर राहत कार्यों में सहयोग करें। इसके लिए संबंधित एसडीएम, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से समन्वय बनाए रखने की सलाह दी गई है।
महेश गागड़ा ने लोगों से बाढ़ और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि उफनती नदी-नालों और डूब क्षेत्र को पार करने का प्रयास जानलेवा साबित हो सकता है। इसलिए किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं और जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैयार हैं। ऐसे समय में अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय केवल प्रशासन की आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।
पूर्व मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से भी आह्वान किया कि वे मानवीय संवेदनाओं के साथ जरूरतमंद लोगों की हरसंभव मदद करें और प्रशासन के साथ मिलकर राहत कार्यों को प्रभावी बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।