मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विबाह कार्यक्रम में अव्यवस्था उजागर
बीजापुर के मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम अव्यवस्थाओं के कारण चर्चा में आ गया। तेज धूप और पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने से एक वर की तबीयत बिगड़ गई और वह कार्यक्रम के दौरान बेहोश हो गया, जिससे आयोजन स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम में शामिल वर-वधू और उनके परिजनों को कड़ी धूप में लंबे समय तक बैठना पड़ा। इसी दौरान अचानक एक वर बेहोश होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल बीजापुर पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
कार्यक्रम में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर असंतोष भी सामने आया। कुछ जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में उचित सम्मान और परिचय न मिलने का आरोप लगाते हुए बीच में ही कार्यक्रम स्थल छोड़ दिया।
भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष पूजा पोंदी ने सोशल मीडिया पर प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इस तरह के बड़े सार्वजनिक आयोजनों में बेहतर समन्वय और व्यवस्थाएं आवश्यक हैं। घटना के बाद भी महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से देर शाम तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया, जिससे आयोजन की तैयारियों और जिम्मेदारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।