पंचायत सचिवों के समर्थन में कांग्रेस
- फोटो : अमर उजाला
बीजापुर में पिछले एक पखवाड़े से ज्यादा समय से अपनी मांगों को लेकर बेमियादी हड़ताल पर बैठे पंचायत सचिव संघ के समर्थन में अब कांग्रेस भी उतर आई है। बीजापुर विधायक ने पंचायत सचिव संघ की मांगों को जायज बताते हुए कहा कि भाजपा ने मोदी की गारंटी के वादे सौ दिनों में भी पूरे नहीं किये।
शुक्रवार को बीजापुर विधायक एवं कांग्रेस नेता विक्रम मंडावी अनिश्चित कालीन हड़ताल पर बैठे पंचायत सचिवों के बीच पहुंचे और हड़ताली पंचायत सचिवों को उनके मांगों को जायज बताते हुए भाजपा सरकार से पंचायत सचिवों की मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की है। इस संबंध में हड़ताली पंचायत सचिवों की मांगों का समर्थन करते हुए उन्होंने हड़ताली पंचायत सचिवों को अपना समर्थन पत्र सौंपा है तथा मांगों को जल्द पूरा करने की मांग करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र भी लिखा है। विधायक ने भैरमगढ़ के हड़ताली पंचायत सचिवों के बीच पहुंचकर भाजपा सरकार के 2023 के चुनावी वादे को याद दिलाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने 2023 के विधान सभा चुनावों में अपने चुनावी घोषणा पत्र “मोदी की गारंटी” में सौ दिनों में वादों को पूरा करते हुए पंचायत सचिवों की मांगों को पूरा करने का वादा किया था लेकिन भाजपा सरकार को बने हुए डेढ़ साल बीतने को है लेकिन भाजपा सरकार ने आज तक न तो सचिवों की मांग के अनुरूप नियमितीकरण करने का काम किया है और न ही भाजपा सरकार में पंचायत सचिवों की कोई सुनवाई हो रही है।
विधायक ने आगे कहा कि भाजपा ने ‘मोदी की गारंटी’ के वादे सौ दिनों में पूरे नहीं कर पंचायत सचिवों को ठगने का काम किया है। आज प्रदेश की डबल इंजन की भाजपा सरकार अपने ही चुनावी वादे “मोदी की गारंटी” से भाग रही है। पंचायत सचिवों ने विधायक को एक मांग पत्र भी सौंपा है और सरकार से मांगों को जल्द पूरा करवाने की मांग की है। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे, जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के महामंत्री सुखदेव नाग सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।