छत्तीसगढ़ के बीजापुर से सटी तेलंगाना सीमा पर 21 दिनों तक चले अब तक के सबसे बड़े नक्सल विरोधी अभियान की सफलता को लेकर आज सीआरपीएफ के डीजी जीपी सिंह और छत्तीसगढ़ के डीजीपी अरुण देव गौतम ने बीजापुर पहुंचकर साझा प्रेस वार्ता की। अधिकारियों ने बताया कि इस अभूतपूर्व ऑपरेशन में अब तक 31 हार्डकोर नक्सली मारे गए हैं, जिन पर कुल 1.72 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।
अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच 21 बार मुठभेड़ हुई। इस दौरान 18 जवान घायल हुए, हालांकि सभी जवान खतरे से बाहर हैं। ऑपरेशन के तहत कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों से 35 राइफल और 450 आईईडी बरामद किए गए हैं। नक्सलियों द्वारा दो वर्षों के लिए जमा किया गया 12 हजार किलो राशन बरामद कर उसे नष्ट किया गया है।
सुरक्षाबलों ने इस इलाके में नक्सलियों के 210 बंकरों को ध्वस्त कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। मुठभेड़ के दौरान जवानों ने बीजीएल सेल, इंसास राइफल, एसएलआर, माउजर लोडिंग राइफल, 315 बोर, सिंगल शॉट और 303 बोर की राइफलें, डेटोनेटर, वायर और बड़ी मात्रा में गोलियां भी बरामद की।