छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन ठगी से मिली रकम को दूसरे लोगों के बैंक खातों के जरिये निकालकर इस्तेमाल करने वाले 25 साल के एक युवक रमेश सुथार को भिलाईनगर पुलिस ने राजस्थान के उदयपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया है।
छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन ठगी से मिली रकम को दूसरे लोगों के बैंक खातों के जरिये निकालकर इस्तेमाल करने वाले 25 साल के एक युवक रमेश सुथार को भिलाईनगर पुलिस ने राजस्थान के उदयपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी दूसरों के बैंक खातों का इस्तेमाल कर ठगी की राशि को ठिकाने लगाता था। पुलिस ने जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन
भिलाईनगर थाने में ऑनलाइन ठगी की शिकायत मिलने के बाद वर्ष 2024 में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले की शुरुआती जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही पांच आरोपियों को पकड़ा था। पकड़े गए आरोपियों से हुई पूछताछ, बयानों और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर रमेश सुथार का नाम सामने आया। आरोपी रमेश सुथार राजस्थान के उदयपुर जिले की वल्लभनगर तहसील के ग्राम बना का रहने वाला है। वह अन्य लोगों के साथ मिलकर ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में पहुंचाने और फिर वहां से निकालने का कार्य करता था।
मामले में ठगी की रकम को सीधे अपने बैंक खातों में रखने के बजाय अन्य लोगों के खातों का प्रयोग किया जाता था। ऐसे खातों को आमतौर पर म्यूल खाता कहा जाता है। खातों में राशि आते ही उसे विभिन्न माध्यमों से निकाल लिया जाता था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भिलाईनगर पुलिस ने विशेष टीम बनाई थी। विशेष टीम ने राजस्थान में आरोपी के ठिकानों पर खोजबीन कर उसे दबोच लिया। पुलिस अब आरोपी के संपर्क सूत्रों, बैंक लेन-देन और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।