छत्तीसगढ़ के बेमेतरा पुलिस ने आत्महत्या के लिए प्रेरित करने वाले भाई, भाभी और भतीजा को गिरफ्तार किया है। यह मामला बेमेतरा कोतवाली थाना का है। कोतवाली थाना प्रभारी टीआई अजय कुमार सिन्हा ने बताया कि धारा 306, 34 आईपीसी के तहत आरोपी रमेश कुमार ध्रुव पिता स्व.जीवराखन ध्रुव उम्र 56, कुमारी ध्रुव पति रमेश ध्रुव उम्र 50 और हेमसिंह उर्फ सोनू ध्रुव पिता रमेश कुमार ध्रुव उम्र 26 सभी निवासी ग्राम जेवरी थाना बेमेतरा को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि सनत कुमार ध्रुव उम्र 50 साल को इन लोगों द्वारा पैतृक जमीन का बंटवारा नहीं देने और बंटवारा मांगने पर कई बार मारपीट की गई। इसी से तंग आकर सनत ने 6-7 जून की दरमियानी रात को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और जांच शुरू हुई। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सभी आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर कोर्ट में पेश किया गया।