बेमेतरा जिले में डायल-112 टीम की त्वरित कार्रवाई से एक युवक की जान बच गई। नवागढ़ के तिलका पारा इलाके में पारिवारिक विवाद के दौरान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन मौके पर पहुंची डायल-112 टीम ने सूझबूझ और तेजी दिखाते हुए उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
जानकारी के अनुसार, डायल-112 नवागढ़ टीम को सूचना मिली थी कि तिलका पारा क्षेत्र में एक घर में विवाद हो रहा है। सूचना मिलते ही आरक्षक विजय कुमार घृतलहरे और चालक रविशंकर साहू तत्काल मौके पर पहुंचे। घर पहुंचते ही एक महिला घबराई हालत में बाहर निकली और चिल्लाते हुए बताया कि उसका बेटा फांसी लगा रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोनों जवान तुरंत घर के अंदर पहुंचे। वहां करीब 27 वर्षीय युवक पंखे से पर्दे का फंदा बनाकर लटका हुआ था।
डायल-112 टीम ने बिना समय गंवाए युवक को नीचे उतारा और प्राथमिक सहायता दी। इसके बाद उसे तत्काल डायल-112 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। समय रहते पुलिस टीम के पहुंचने से युवक की जान बच गई।
बेमेतरा DIG रामकृष्ण साहू ने कहा कि पुलिस विभाग में सेवा करना गर्व और जिम्मेदारी दोनों है। उन्होंने सभी डायल-112 टीमों से ईमानदारी, अनुशासन और निष्ठा के साथ कर्तव्य निभाने तथा आमजन की सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।