बेमेतरा शहर के एक फोटो स्टूडियो में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा पुलिस ने मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ते हुए चोरी गए सोने के गहने और घटना में प्रयुक्त स्कूटी समेत करीब 5 लाख 40 हजार रुपये का सामान बरामद किया है।
थाना प्रभारी सोनल ग्वाला ने बताया कि मामले में प्रार्थी माधव शर्मा, निवासी वार्ड नंबर 15, नयापारा बेमेतरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 मई की शाम फोटो स्टूडियो के काउंटर से लाल रंग के डिब्बे में रखे सोने के मंगलसूत्र पाइप, मोहर सिक्के और झुमका चोरी हो गए थे। चोरी गए जेवरों का कुल वजन करीब 90 ग्राम और कीमत लगभग 4 लाख 60 हजार रुपए बताई गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर परिजनों की मौजूदगी में पूछताछ की। पूछताछ में बालक ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 24 नग सोने के मंगलसूत्र पाइप, एक जोड़ी सोने की झुमका पट्टी, 4 नग सोने की बिंदिया और 5 नग गेहूं दाना बरामद किया। बरामद जेवरों का कुल वजन करीब 46 ग्राम बताया गया है।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्कूटी क्रमांक CG 25 Q 8655 भी जब्त कर ली है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।