बेमेतरा जिले के नगर पंचायत देवकर में नदी किनारे चल रहे जुआ के अड्डे पर पुलिस ने दबिश देकर नौ जुआरियों को गिरफ्तार किया। मौके से 1.43 लाख रुपये नकद, 12 मोबाइल व ताश की गड्डी जब्त की है।
जब्ती की कुल कीमत 2.38 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मंगल भवन के पीछे बगीचा नदी किनारे कुछ लोग रुपये-पैसे का दांव लगाकर ‘काट पत्ती’ जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही साइबर सेल व देवकर चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारा। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, वहां मौजूद कुछ लोग भागने में सफल रहे, लेकिन नौ जुआरियों को पकड़ लिया गया।
सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मौके से पुलिस ने एक लाख 43 हजार 380 रुपये नकद, 12 मोबाइल कीमत 95 हजार रुपये, कुल जब्ती दो लाख 38 हजार 380 रुपये बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी में विजय वर्मा उर्फ धन्नू वर्मा (41 वर्ष), राहुल पांडे (34 वर्ष), कैलाश शर्मा (32 वर्ष), सूरज कुंजाम (50 वर्ष), डिकेश कहार (30 वर्ष), मिथुन कुंजाम (36 वर्ष), दिनेश साहू (36 वर्ष), मोहन सिन्हा (35 वर्ष), प्रकाश अग्रवाल (51 वर्ष) शामिल हैं।