बेमेतरा जिले के ग्राम लावातरा में वर्ष 2025 के पहले दिन हुए सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने लगभग एक साल बाद कर दिया है। जिस भाई ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी, वही अपने छोटे भाई का हत्यारा निकला। बेमेतरा पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 1 जनवरी 2025 को डामर उर्फ डोमार साहू 40 वर्ष ने थाना बेरला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके छोटे भाई सनत कुमार साहू की किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर नुकीले हथियार से सिर और चेहरे पर हमला कर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को कोठे में रखे पैरा पर जलाने की नीयत से रखा गया था।
मामले में बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसडीओपी बेरला विनय कुमार के नेतृत्व में डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। लगातार पूछताछ में कई तथ्य सामने आए, जिससे पुलिस का संदेह रिपोर्ट दर्ज कराने वाले बड़े भाई पर गहराने लगा। संदेह के आधार पर डामर साहू का एफएसएल रायपुर में पॉलीग्राफ और ब्रेन मैपिंग टेस्ट कराया गया। रिपोर्ट में अपराध स्वीकार करने के संकेत मिले। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी और उसके पिता के नाम पर करीब 16 एकड़ जमीन थी, जिसमें से केवल 1.45 एकड़ जमीन मृतक सनत को दी गई थी। सनत लगातार आधी जमीन अपने नाम करने का दबाव बना रहा था। इसी विवाद ने रंजिश का रूप ले लिया।
पुलिस के अनुसार आवेश में आकर बड़े भाई ने छोटे भाई पर नुकीले हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी और सबूत मिटाने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी डामर सिंह साहू उर्फ डोमार साहू 40 वर्ष निवासी लावातरा, थाना बेरला, जिला बेमेतरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। लगभग एक साल तक अज्ञात हत्यारे की तलाश में जुटी पुलिस की सतत निगरानी और वैज्ञानिक जांच के चलते अंततः सच सामने आया।