पांच दिन में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए बेमेतरा पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के तीन शातिर युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, नकदी और वारदात में इस्तेमाल बाइक और तीन आईफोन समेत 3.50 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है।
सिटी कोतवाली थाना बेमेतरा से मिली जानकारी अनुसार, ग्राम जेवरा ठाकुर पारा निवासी विक्रम सिंह उम्र 42 के घर 17 फरवरी की रात 12 से सुबह 6 बजे के बीच चोरी हुई। चोरों ने पहले मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा, फिर तीन कमरों का ताला तोड़कर तिजोरी में रखे चांदी के पांच सिक्के, लक्ष्मी माता की चांदी की मूर्ति, पीतल-कांसे-तांबे के बर्तन और 22 हजार रुपये नकद पार कर दिए। कुल नुकसान करीब 52 हजार रुपए का था।
पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान साइबर सेल की तकनीकी पड़ताल में रायपुर के खम्हारडीह इलाके के तीन युवक संदिग्ध पाए गए। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर विष्णु साहू, रूपेश सोना और कृष्णा यादव (तीनों 19 वर्ष) ने बेमेतरा के अलावा अभनपुर (रायपुर) और मध्यप्रदेश के साहपुरा (जबलपुर) में भी चोरी करना कबूल किया।
आरोपियों की निशानदेही पर चांदी की तीन मूर्तियां, पांच सिक्के, चांदी के आभूषण, सोने का सिक्का, 530 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल (कीमत लगभग एक लाख) और तीन आईफोन (करीब 1.20 लाख रुपये) बरामद किए गए। तीनों आरोपी महज 19 साल के हैं और महंगे मोबाइल व खर्चीले शौक पूरे करने के लिए वारदातों को अंजाम दे रहे थे। तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में सक्रिय अन्य संदिग्धों की भी निगरानी की जा रही है।