जिले में गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश हुआ है। साइबर सेल बेमेतरा और पुलिस चौकी देवरबीजा की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 25 किलो से अधिक गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 3.88 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस ने गांजा तस्कर पकड़ा
पुलिस चौकी प्रभारी देवरबीजा, एएसआई रेशम लाल भास्कर ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम घोटमार्रा निवासी जागेश वर्मा ऊर्फ जम्बो के अपने वाहन में अवैध रूप से बिक्री के लिए गांजा रखा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा।
तलाशी के दौरान वाहन से 25 किलो 890 ग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 88 हजार 350 रुपये है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कार और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी जागेश वर्मा के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस बड़ी कार्रवाई से जिले में सक्रिय गांजा तस्करी के रैकेट पर अंकुश लगने की उम्मीद है। पुलिस अधीक्षक द्वारा अवैध मादक पदार्थों के परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत यह एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।