बस्तर वनमंडल में वन विभाग की संयुक्त टीम ने वन्यजीवों के अवैध शिकार की कोशिश नाकाम कर दी। दरभा वन परिक्षेत्र और कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान की टीम ने रात्रिकालीन गश्त के दौरान जंगल में बिजली का फंदा बिछाते चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
छत्तीसगढ़ के बस्तर वनमंडल के दरभा वन परिक्षेत्र और कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान की संयुक्त टीम ने वन्यजीवों के अवैध शिकार की एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया है। रात्रिकालीन गश्त के दौरान वन अमले ने जंगल में बिजली का फंदा बिछा रहे चार शिकारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। वन विभाग ने सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जगदलपुर स्थित केंद्रीय जेल भेज दिया है।
विज्ञापन
बिजली का फंदा बिछाते रंगे हाथों पकड़ा
वन विभाग की टीम आरक्षित वन में रात्रिकालीन निरीक्षण और गश्त पर थी। इसी दौरान गश्ती दल ने जंगल के भीतर चार व्यक्तियों को बिजली के तारों का फंदा लगाते हुए देखा। टीम ने तत्काल मुस्तैदी दिखाते हुए चारों तरफ से घेराबंदी की और चारों आरोपियों को मौके पर ही धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चीतल और जंगली सूअर का शिकार करने के उद्देश्य से ही बिजली के तारों का फंदा लगा रहे थे।
आरोपियों पर वन अपराध दर्ज कर भेजा जेल
वन्यजीवों के शिकार की इस कोशिश पर सख्त रुख अपनाते हुए वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 और भारतीय वन अधिनियम 1927 की विभिन्न धाराओं के तहत वन अपराध दर्ज किया है। बस्तर वनमंडल के अधिकारी दीपेश कपिल ने बताया कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद चारों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया है।