एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : संवाद
छत्तीसगढ़ के बलौदाजार में जोगीद्वीप मंदिर तक सड़क निर्माण को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण सोमवार को सड़क पर उतर आए। 60 गांवों के लोगों ने मिलकर भाटापारा में एसडीएम कार्यालय का घेराव कर दिया और प्रदर्शन करने लगे। हाथों में बैनर और तख्तियां लिए ग्रामीणों की मांग थी कि ग्राम गुर्रा स्थित जोगीद्वीप मंदिर परिसर तक पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए। घेराव में करीब 300 से 400 आम नागरिक शामिल रहे। प्रदर्शन से जनप्रतिनिधियों को दूर रखा गया।
ग्राम गुर्रा के जोगी द्वीप मंदिर मे 60 गांवों के ग्रामीण एकत्र हुए। इसके बाद पैदल रैली निकाल कर भाटापारा एसडीएम कार्यालय पहुंचे। सभी ग्रामीणों के हाथो में नारे लिखी हुई तख्तियां थीं। प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। एक महिला ने जोगीद्वीप मंदिर के पास से निकालने वाली छोटी नदी का जल और श्रीफल लेकर पहुंची थी। सभी का मांग था कि गुर्रा से जोगीद्वीप जाने वाली सडक का पक्का निर्माण किया जाए।
ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। वहीं महिला ने श्रीफल और नदी का जल अफसर को भेंट किया। वहीं सर्वसमाज के नेता ने कहा कि जल्द ही हमारी मांग पूरी नहीं हुई तो आने वाले चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। हम लोगो ने सभी जनप्रतिनिधियों को सड़क निर्माण के लिए अपना मांग पत्र दिया है, लेकिन किसी ने भी गुर्रा जोगीद्वीप के लिए ध्यान नहीं दिया। इसलिए हम लोगों ने इस घेराव मे किसी भी जनप्रतिनिधि को शामिल नहीं किया है।