मुख्य नगर पालिका अधिकारी, भाटापारा को भवन निर्माण अनुमति से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर कलेक्टर दीपक सोनी ने नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरे हों।
वाटर हार्वेस्टिंग में लापरवाही पर सख्ती
कलेक्टर सोनी ने नगरीय निकायों को निर्देश दिए कि सभी पक्के भवनों में वर्षा जल संचयन (वॉटर हार्वेस्टिंग) अनिवार्य रूप से लागू किया जाए। इसके लिए भवन निर्माण अनुमति के दस्तावेजों के आधार पर भवन स्वामियों से निर्माण कार्य कराना सुनिश्चित किया जाए। भाटापारा नगर पालिका के सीएमओ द्वारा संबंधित दस्तावेज नहीं प्रस्तुत किए जाने पर उन्हें नोटिस देने के निर्देश दिए गए।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा
कलेक्टर ने 21 जून को प्रस्तावित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने इसे गरिमामय रूप से आयोजित करने, पर्यावरण संरक्षण हेतु पौधारोपण और बीज वितरण जैसे कार्यक्रमों को भी योग दिवस से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही एनएसएस, एनसीसी, स्कूल-कॉलेज, आईटीआई और आयुष केंद्रों को सक्रिय रूप से शामिल करने को कहा गया। अधिकारियों और कर्मचारियों के ऑनलाइन पंजीयन सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
राजस्व विभाग को दिए ज़मीनी कामों में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में कलेक्टर ने राजस्व विभाग के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए 1 वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने को कहा। उन्होंने बारिश पूर्व सीमांकन और बटांकन कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा मैदानी कार्यों में सक्रियता बढ़ाने के निर्देश तहसीलदारों को दिए।
किसानों और नागरिकों की सुविधाओं पर भी फोकस
कलेक्टर ने आरबीसी 6-4, भूमि अधिग्रहण, किसानों को खाद-बीज उपलब्धता, सीपी ग्राम्स और पीजीएन के लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की और संबंधित विभागों को समाधान में तत्परता बरतने के निर्देश दिए। बैठक में वनमंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील, सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर दीप्ति गोते, मिथिलेश डोंडे, एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।