बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र अंतर्गत दर्दनाक हादसा हुआ है। जगतरा टोल प्लाजा के पास बाइक सवार दो लोग पीछे से ट्रक में जा घुसे। हादसे में मौके पर एक व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। हादसे के बाद दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां एक को मृत घोषित किया गया। वहीं, दूसरे का इलाज किया जा रहा है। मृतक का नाम राममूर्ति ग्वाल निवासी लाल बगीचा बताया जा रहा है।
टोल प्लाजा और पुरूर के पुलिसकर्मियों ने बताया कि ट्रक सड़क किनारे खड़ा हुआ था, दो बाइक सवार ट्रक में पीछे से घुस गए। बताया जा रहा है कि रात के समय रोशनी कम होने से यह हादसा हुआ है। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर जांच की जा रही।
डेंजर जोन बना हाइवे
राष्ट्रीय राजमार्ग-30 आवागमन के लिए इन दोनों डेंजर जोन बना हुआ है। कल ही यहां पर खड़े ट्रक में यात्रियों से भरी बस घुसने से एक की मौत हो गई थी। वहीं कुछ दिन पहले ही बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई थी। लगातार इस मार्ग पर हादसों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। खासकर मरकाटोला घाट से लेकर पुरूर तक सबसे ज्यादा हादसे दर्ज किए गए हैं।