लड़की के जन्म पर ससुराल वालों के 10 लाख रूपये दहेज मांगने का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं दस लाख रूपये न देने पर नवविवाहिता के साथ मारपीट भी की गई है। पीड़िता ने महिला थाने में ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस द्वारा पीड़िता की शिकायत पर उसके पति, सास सहित चार लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
महिला का आरोप है कि पुलिस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है। उसके ससुराल पक्ष को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, इसलिए इस मामले को दबाने की भरपूर कोशिश की जा रही है। पीड़िता की सास निर्मला देवी चौधरी भिलाई भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री हैं। महिला थाना में पीड़िता की रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा रही थी, लेकिन मीडिया के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने पीड़िता की शिकायत दर्ज की है।
महिला थाना के मुताबिक प्रार्थी विकास जायसवाल छत्तीसगढ़ नगर के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी बहन लक्ष्मी चौधरी (24) का विवाह साल 2011 में नेहरू नगर भिलाई निवासी राहुल चौधरी के साथ किया था। उस समय विकास ने दहेज में 8 लाख रुपए नगद दिए थे। शादी के कुछ दिनों तक लक्ष्मी चौधरी के ससुराल वालों का व्यवहार उसके साथ अच्छा रहा था।
कुछ वक्त बाद लक्ष्मी चौधरी ने एक बेटी को जन्म दिया। बेटी के जन्म से ससुराल वाले नाराज थे। पीड़िता के ससुराल वालों नवजात बच्ची के विवाह के लिए 10 लाख की मांग करने लगे तथा उसके साथ अक्सर मारपीट किया करते थे। 6 फरवरी की रात पीड़िता के पति द्वारा उसकी जमकर पिटाई की गई। इस व्यवहार से परेशान होकर पीड़ित महिला अपने भाई विकास जायसवाल के घर आ गई और उसे सारी बात बताई।