राज्य सरकार ने बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव को देखते हुए हाई अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में तेज हवाओं के चलने और भारी बारिश की संभावना को लेकर दंतेवाड़ा जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 27 अक्टूबर को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
राज्य सरकार ने बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव को देखते हुए हाई अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में तेज हवाओं के चलने और भारी बारिश की संभावना को लेकर दंतेवाड़ा जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 27 अक्टूबर को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर की अनुमति से जिला शिक्षा अधिकारी ने यह आदेश जारी किया है।
विज्ञापन
यह अवकाश शिक्षकों पर लागू नहीं होगा। राज्य सरकार ने चक्रवात के खतरे को देखते हुए सभी जिलों के कलेक्टरों को 27 से 29 अक्टूबर तक विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि चक्रवाती तूफान और अत्यधिक बारिश के कारण छात्र-छात्राओं को स्कूल पहुंचने में परेशानी हो सकती है। इस आशंका को देखते हुए कलेक्टर की अनुमति से एक दिन का अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया गया है। इसके मुताबिक, स्कूलों में घोषित अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए होगा। शिक्षकों को इस अवकाश का लाभ नहीं मिलेगा। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू करने की बात कही गई है।
विज्ञापन
इन जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश
छत्तीसगढ़ सरकार ने 27 से 29 अक्टूबर तक विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। सभी जिलों के कलेक्टरों को मौसम की चेतावनियों पर नजर रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, बस्तर और नारायणपुर जिलों में विशेष रूप से तेज हवाओं और बारिश की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश जारी किये गये हैं।