झारखंड के प्रमुख औद्योगिक नगर जमशेदपुर में पुलिस ने आज रेलवे स्टेशन के निकट एक ऑटो रिक्शा से लगभग 91 लाख रूपये की नकदी और आधा किलोग्राम सोना बरामद किया। इस संबंध में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ए.वी. होमकर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक नगर कार्तिक एस. इसकी जांच कर रहे हैं। कार्तिक ने बताया कि ऑटो सवार व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। वह किसी ट्रेन से उतर कर ऑटो में बैठा था।
उसके पास बंद पैकेटों में नकदी थी तथा आधा किलो सोना था। इस संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है। ऑटो चालक को भी हिरासत में ले लिया गया है तथा उसके वाहन को जब्त कर लिया गया है।
इस बीच होमकर ने बताया कि घटना की सूचना आयकर विभाग को भी दे दी गयी है तथा उसके अधिकारी पुलिस के साथ मिल कर पूरे प्रकरण की जांच करेंगे।
सूत्रों ने बताया कि पकड़ गया व्यक्ति पड़सी राज्य छत्तीसगढ़ से पैसे और सोना लेकर आ रहा था।