कोंडागांव में सीएमएचओ कार्यालय परिसर में खड़ी एंबुलेंस में अचानक आग लग गई। इस दौरान चपेट में आने से अन्य एंबुलेंस भी जल गईं। दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कोंडागांव जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय के प्रांगण में गुरुवार दोपहर करीब एक बजे खड़ी एंबुलेंस में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास में खड़ी अन्य एंबुलेंस को भी अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि जिस समय आग लगी उस दौरान पास ही स्थित जिला सहकारी बैंक में किसान पहुंचे हुए थे और कुछ लोग एंबुलेंस के आसपास भी बैठे थे। आग लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
दमकल कर्मी भरत शांडिल्य ने बताया कि आग लगने की सूचना पर उनकी टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। इस हादसे दौरान दो एंबुलेंस पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जबकि आसपास खड़ी अन्य एंबुलेंस भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुईं। वहीं, जब जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके. सिंह से इस संबंध में प्रतिक्रिया मांगी गई, तो उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। हालांकि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। यह घटना जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को लेकर भी कई सवाल खड़े करती है, क्योंकि एंबुलेंस जैसी महत्वपूर्ण सेवा से जुड़े वाहन आग के हवाले हो गए और प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है।