छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में प्रदेश की सरहद से होकर बहने वाली कन्हर नदी के पर्यटन स्थल पलटन घाट में गुरुवार दोपहर एक युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक अपने भतीजे के साथ नहाने के लिए गया था। इस दौरान पड़ोसी युवक व भतीजे को डूबता देखा तो नदी में छलांग लगा दी। इस दौरान उसने पड़ोसी को तो बचा लिया, लेकिन खुद नदी में डूब गया। करीब दो घंटे बाद उसका शव मिला। वहीं झारखंड से घूमने आए एक अन्य युवक ने उसके 10 साल के भतीजे को बचा लिया।
जानकारी के मुताबिक, रामानुजगंज के वार्ड 4 निवासी उमेश कश्यप (30) अपने 10 वर्षीय भतीजे आनंद कश्यप पुत्र विजय कश्यप व पड़ोसी युवक शिवमंगल शर्मा (20) के साथ दोपहर करीब 12:30 बजे ओमनी वाहन से पलटन घाट नहाने गया था। नहाने के दौरान उसका भतीजा डूबने लगा। उसे बचाने के लिए गया पड़ोसी युवक भी डूबने लगा। दोनों को बचाने के लिए उमेश ने नदी में छलांग लगाई। इस दौरान उमेश स्वयं डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों की संख्या में लोग पलटन घाट पहुंच गए।
साहसी युवक डेविड ने बचाई आनंद की जान
उमेश अपने भतीजे आनंद एवं शिवमंगल को बचाते हुए डूबने लगा। शिवमंगल किसी प्रकार से किनारे तक आ गया, परंतु उमेश का भतीजा आनंद डूब रहा था। दोनों ने शोर मचाया तो झारखंड जो घूमने आया युवक डेविड (22) दौड़ते हुए मौके पर पहुंचा। उसने डंडे के सहारे आनंद को बाहर निकाला। वही डंडा उमेश की जान बचाने के लिए उसकी ओर बढ़ाया, परंतु उमेश डंडा नहीं पकड़ पाया और डूब गया।
दो घंटे बाद स्थानीय युवकों ने ढूंढा शव
उमेश के डूबने के बाद घटनास्थल पर करीब 20 फीट पानी होने के कारण कोई पानी में उतरने का हिम्मत नहीं कर पा रहा था। इस बीच 1:30 बजे करीब स्थानीय साहसी युवक मिनहाज खान, भारत जसवंत, रवि एवं कृष्णा रवि उसे ढूंढने के लिए पानी में उतरे। तीनों के दो घंटे की मेहनत के बाद उमेश का शव मिल सका। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेद सिंह ने नगर सेना से गोताखोर की टीम मौके पर भेजा, तब तक शव निकाल लिया गया था। घटना से रामानुजगंज में शोक है।