सरगुजा ओलंपिक-2026 के संभागस्तरीय खेलों का आयोजन 21 से 23 मार्च तक अम्बिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस आयोजन का शुभारंभ 21 मार्च को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं खेलकूद मंत्री अरुण साव करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
तैयारियां पूरी, व्यवस्थाओं पर विशेष जोर
आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कलेक्टर अजीत वसंत ने अधिकारियों की बैठक लेकर मंच, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, शौचालय, आवास, भोजन, चिकित्सा एवं आवागमन जैसी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खिलाड़ियों एवं आमजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।खिलाड़ियों के ठहरने वाले स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के साथ महिला दल और होमगार्ड की तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही सभी नोडल अधिकारियों को सक्रिय रहकर समन्वय बनाए रखने को कहा गया है।
पार्किंग व्यवस्था भी तय
कार्यक्रम के मद्देनजर प्रशासन ने अलग-अलग मार्गों से आने वाले लोगों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। किसान राइस मिल मैदान (पी-01), बीटीआई ग्राउंड (पी-02), सर्कस ग्राउंड (पी-03), बनारस रोड स्थित खाली प्लॉट (पी-04) और पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान (पी-05) में वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। वीआईपी और मीडिया के लिए प्रवेश बीटीआई ग्राउंड के सामने स्थित गेट से ही किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासन ने आमजन से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है। यह आयोजन सरगुजा जिले के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ी और दर्शक शामिल होंगे।