सरगुजा जिले में हत्या के एक मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पांच हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। पुलिस ने आरोपी का हुलिया जारी किया है।
हत्या के एक मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सरगुजा पुलिस ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर पतासाजी की जा रही है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली, जिला सरगुजा में बीएनएस के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज है। इस प्रकरण में संदेही आरोपी घटना के दिन से फरार चल रहा है। पुलिस द्वारा संभावित स्थानों पर तलाश की जा चुकी है, लेकिन अब तक आरोपी का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस ने आरोपी का हुलिया जारी करते हुए बताया है कि उसका रंग सांवला, कद लगभग 5 फीट 4 इंच, घुंघराले लंबे बाल, पतला शरीर तथा काली दाढ़ी-मूंछ है। घटना के समय आरोपी हल्के गुलाबी रंग की शर्ट और नीली जींस पहने हुए था। उसके सिर पर नीले रंग का गमछा बंधा हुआ था तथा पीठ पर एक झोला लटका हुआ था।
विज्ञापन
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति के लिए 5,000 रुपये के इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आरोपी के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर, पुलिस कंट्रोल रूम या थाना कोतवाली अंबिकापुर से तत्काल संपर्क कर सूचना दें।