फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीजी: हॉस्टल की समस्याओं को लेकर 20 किमी पैदल चलीं 100 से ज्यादा छात्राएं, कलेक्टर से की शिकायत; बताई बदहाली

Mon, 07 Sep 2026 08:38 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अम्बिकापुर

सार

सरगुजा में एकलव्य आवासीय स्कूल की 100 से अधिक छात्राएं हॉस्टल में बिजली, पढ़ाई, भोजन और सफाई की समस्याओं को लेकर करीब 20 किलोमीटर पैदल चलीं। कलेक्टर ने शिकायतें सुनीं और जांच टीम गठित कर दो दिन में रिपोर्ट मांगी।

विज्ञापन
कलेक्टर अजीत वसंत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक सरकारी आवासीय स्कूल की 100 से अधिक छात्राएं सोमवार को करीब 20 किलोमीटर पैदल चलकर जिला मुख्यालय पहुंचीं। छात्राओं ने स्कूल में बुनियादी सुविधाओं की कमी और पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं को लेकर कलेक्टर से शिकायत की। बाद में अंबिकापुर से करीब 10 किलोमीटर पहले छात्राओं के लिए बस की व्यवस्था की गई। इसके बाद छात्राओं को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टोरेट ले जाया गया, जहां उन्होंने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से मुलाकात कर अपनी समस्याएं बताईं।

क्या है मामला?

विज्ञापन

बताया गया कि बटौली ब्लॉक के शिवपुर गांव स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय की कक्षा 10वीं से 12वीं की छात्राएं स्कूल से करीब 30 किलोमीटर दूर अंबिकापुर के लिए पैदल निकल पड़ी थीं। छात्राओं का आरोप था कि स्कूल की समस्याओं को लेकर कई बार शिकायत करने के बावजूद उनका समाधान नहीं किया गया। छात्राओं के पैदल मार्च की जानकारी प्रशासन को मिली तो अधिकारियों को रास्ते में भेजकर उन्हें वापस स्कूल लौटने के लिए समझाया गया। हालांकि, छात्राएं कलेक्टर से मिलने की मांग पर अड़ी रहीं और पैदल चलती रहीं। इसके बाद प्रशासन ने उनके लिए बस की व्यवस्था की।

छात्रों ने क्या बताया?
कलेक्टर अजीत वसंत ने छात्राओं से मुलाकात के बाद बताया कि उन्होंने मुख्य रूप से तीन समस्याएं उठाईं। छात्राओं ने कहा कि स्कूल में पिछले एक महीने से बिजली व्यवस्था बाधित है। स्कूल में दो डीजी सेट हैं, लेकिन उनका इस्तेमाल केवल आपात स्थिति में किया जाता है और उनसे भी तीन से चार घंटे ही बिजली मिलती है। छात्राओं ने यह भी शिकायत की कि फिजिक्स और केमिस्ट्री के शिक्षक ठीक से पढ़ाई नहीं करा रहे हैं। इसके अलावा भोजन की गुणवत्ता और स्कूल में साफ-सफाई को लेकर भी छात्राओं ने शिकायत की।

विज्ञापन


पढ़ें:  एटीकेटी से प्रभावित छात्रों को बड़ी राहत, अब पांचवें सेमेस्टर में मिलेगा सशर्त प्रावधिक प्रवेश; आदेश आया

कलेक्टर ने क्या बताया?
कलेक्टर ने बताया कि बिजली की समस्या दूर करने के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि एकलव्य स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति सरकार की ओर से की जाती है। वैकल्पिक व्यवस्था के लिए अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति भी की गई है, लेकिन छात्राओं ने शिकायत की कि वे भी ठीक से पढ़ाई नहीं करा रहे हैं। इस समस्या के समाधान के निर्देश भी दिए गए हैं। कलेक्टर ने स्कूल में साफ-सफाई और अन्य बुनियादी समस्याओं को दूर करने के भी निर्देश दिए। वसंत ने कहा कि छात्राओं ने अपनी समस्याओं की जानकारी स्कूल प्राचार्य को दी थी, लेकिन स्थानीय प्रशासन को इन शिकायतों की जानकारी नहीं मिली थी। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन को किसी भी माध्यम से इसकी जानकारी मिलती तो समस्याओं का समाधान पहले ही किया जा सकता था।

कलेक्टर ने आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त को स्कूल में जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने और छात्राओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। अधिकारियों के मुताबिक, छात्राओं की शिकायतों की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है। इसमें संयुक्त कलेक्टर शारदा अग्रवाल, सीतापुर के एसडीएम फागेश सिन्हा और आदिवासी विकास विभाग की सहायक संचालक किरण राजपूत शामिल हैं।

जांच टीम को स्कूल का दौरा कर दो दिन के भीतर कलेक्टर को रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, आश्रम छात्रावासों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों को सभी छात्रावासों का एक सप्ताह के भीतर निरीक्षण कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। कलेक्टर से मुलाकात के बाद एक छात्रा बेहोश हो गई। उसे एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों के मुताबिक उसकी हालत सामान्य है।

कांग्रेस नेता ने क्या कहा?

विज्ञापन

कांग्रेस नेता और पूर्व राज्य मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए सरकार की ओर से राशि आवंटित की जा रही है, लेकिन संबंधित विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण इसका लाभ विद्यार्थियों तक नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने की मांग की।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य के आदिवासी छात्रावासों और आवासीय स्कूलों की खराब स्थिति ने भाजपा सरकार के आदिवासी हितैषी होने के दावों की पोल खोल दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आदिवासी विकास को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन आदिवासी बच्चों को छात्रावासों में उचित भोजन, सुरक्षा, शिक्षक और सुरक्षित भवन तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छात्रवृत्ति का पूरा भुगतान भी नहीं किया जा रहा है।

ठाकुर ने दावा किया कि इससे पहले कोरबा जिले के छुरी स्थित एकलव्य आवासीय स्कूल के विद्यार्थियों को एक महीने में तीसरी बार सड़क पर उतरना पड़ा था। इसी तरह सूरजपुर जिले के भुनेश्वरपुर छात्रावास की छात्राओं ने भी उचित भोजन और सुरक्षा की मांग को लेकर हाईवे पर बैठकर प्रदर्शन किया था।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें