समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही जिला प्रशासन ने अवैध धान परिवहन, भंडारण और बिचौलियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सीमावर्ती राज्यों से अवैध रूप से लाए जा रहे धान को जिले के खरीदी केंद्रों में खपाने की कोशिशों को नाकाम करने के लिए राजस्व, खाद्य, मंडी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें सीमावर्ती और आंतरिक चेक पोस्टों पर 24 घंटे निगरानी कर रही हैं।
बलरामपुर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि धान उपार्जन व्यवस्था में किसी भी तरह की अनियमितता और बिचौलियागीरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सीमावर्ती इलाकों में लगातार कार्रवाई
उत्तर प्रदेश की ओर से आ रहे एक ट्रक और चार पिकअप वाहनों को धनवार चेक पोस्ट पर रोककर जांच की गई। वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर करीब 406 क्विंटल धान सहित सभी वाहनों को जब्त कर बसंतपुर थाने के सुपुर्द कर दिया गया। इस मामले में मंडी अधिनियम, मोटर व्हीकल एक्ट और कस्टम मिलिंग उपार्जन आदेश 2016 के तहत कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। इसी चेक पोस्ट पर खली और भूसे के नीचे छिपाकर लाई जा रही 17 बोरी धान से लदा एक अन्य पिकअप वाहन भी पकड़ा गया।
राजपुर अनुविभाग की संयुक्त टीम ने अवैध परिवहन करते हुए 780 बोरा धान जब्त कर थाने के सुपुर्द किया। वहीं, तुगवा-बलंगी और तल्केश्वरपुर क्षेत्र में उत्तर प्रदेश से आ रहे दो पिकअप वाहनों से 128 बोरी धान जब्त कर बलंगी चौकी में रखवाया गया। इसके अलावा ग्राम तल्केश्वरपुर के पास 63 बोरी धान से लदे एक पिकअप वाहन को पकड़कर डिंडो चौकी के सुपुर्द किया गया।
झारखंड और अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों में भी कार्रवाई की गई। देर रात झारखंड की सीमा से अवैध धान लेकर आ रहे एक पिकअप वाहन को पकड़कर रामचंद्रपुर थाने के सुपुर्द किया गया। वहीं, उत्तर प्रदेश से आ रहे एक अन्य पिकअप वाहन को रघुनाथनगर थाने के हवाले किया गया। प्रशासन की ओर से सभी मामलों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही सीमावर्ती मार्गों पर गश्त और जांच अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।