सूरजपुर जिले के ग्राम पलमा में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके 32 वर्षीय आरोपी पति रिंकू पैंकरा उर्फ बउधा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घरेलू विवाद के दौरान पत्नी के साथ मारपीट की गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल डंडा भी बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम पलमा निवासी रजनी पैंकरा ने 6 अक्टूबर को चौकी चेन्द्रा में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन सुबह उनका भतीजा रिंकू पैंकरा उर्फ बउधा अपनी पत्नी रामकुमारी के साथ बस्ती की ओर गया था। बताया गया कि बाड़ी में मटन बेचने के बाद दोनों घर लौटे।
घर पहुंचने पर रिंकू ने रामकुमारी से बकरी की चमड़ी के बारे में पूछताछ की। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि रामकुमारी से जानकारी नहीं मिलने पर रिंकू ने उसके साथ मारपीट करने के लिए डंडा उठा लिया। विवाद बढ़ता देख रजनी पैंकरा ने रिंकू से डंडा छीन लिया और खेत की ओर चली गईं। शाम को घर लौटने पर रामकुमारी अंदर मृत अवस्था में मिली और उसके शरीर पर चोट के निशान भी थे।
ये भी पढ़ें: सूरजपुर मां-बेटी हत्याकांड: फांसी की सजा सुनते ही कुलदीप के चेहरे पर दिखा खौफ, रायपुर जेल भेजा जाएगा
घटना की सूचना मिलने के बाद चौकी चेन्द्रा पुलिस ने जांच शुरू की। शिकायत के आधार पर आरोपी रिंकू पैंकरा उर्फ बउधा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता धारा 103(1) में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और घटनास्थल से वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी और ग्राम पलमा निवासी 32 वर्षीय रिंकू पैंकरा को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।