सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पटोरा में मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जहां हैंडपंप चलाने को लेकर हुए झगड़े में एक फॉरेस्ट चौकीदार ने युवक पर टांगी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 मार्च को पटोरा निवासी राकेश घासी (20) अपने दोस्तों रामसाय और संजय बड़ा के साथ बाइक से करेसर गांव गया था। शाम को लौटते समय रास्ते में प्यास लगने पर उन्होंने चौक के पास हैंडपंप के पास बाइक रोकी। इस दौरान राकेश ने वहां मौजूद फॉरेस्ट चौकीदार घूरसाय से हैंडपंप चलाने के लिए कहा।
इस बात पर चौकीदार भड़क गया और कहा कि वह किसी का नौकर नहीं है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आक्रोशित चौकीदार ने अपने पास रखी टांगी से राकेश के पैर पर हमला कर दिया, जिससे उसके घुटने के नीचे गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।
घायल अवस्था में दोस्तों ने राकेश को पहले लुंड्रा अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे धौरपुर अस्पताल रेफर किया गया। स्थिति गंभीर होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।
डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक खून बह जाने के कारण युवक ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है, वहीं केस डायरी लुंड्रा थाने को भेजा जा रहा है।